ओलंपिक मेडलिस्ट बॉक्सर मैरी कॉम के पूर्व पति ओन्लर कॉम ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। ओन्लर का आरोप है कि मैरी कॉम ने टेलीविजन और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में अपमानजनक और कथित तौर पर झूठी बातें कही हैं।
ओन्लर के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की है और मामला दर्ज हो चुका है। उनके अनुसार, मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को तय की गई है।
ओन्लर ने कहा कि मैरी कॉम सार्वजनिक मंचों, जिसमें ‘बिग बॉस’ भी शामिल है, पर उनके बारे में ऐसी बातें कह रही हैं, जिनसे उनकी छवि प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि ऐसा ध्यान आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है।
‘मैं अब शराब नहीं पीता’
ओन्लर ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों के संदर्भ में कहा कि वह अब शराब नहीं पीते और उनके छोटे बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार सार्वजनिक रूप से बदनाम नहीं किया जाना चाहिए ।उन्होंने यह भी कहा कि दोनों का तलाक हो चुका है और मैरी कॉम अपनी जिंदगी में जो चाहें कर सकती हैं, लेकिन उनके मुताबिक उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की जरूरत नहीं है।
ओन्लर ने दावा किया कि उन्होंने कभी सार्वजनिक मंच पर मैरी कॉम की निजी कमजोरियों या कथित बुरी आदतों के बारे में बात नहीं की। हालांकि, ये सभी आरोप ओन्लर कॉम के दावे हैं, जिनका अंतिम निर्धारण अदालत की कार्यवाही में होगा।



Leave a Reply