महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी ने जीता कांस्य, CM योगी ने उपलब्धि को बताया उत्तर प्रदेश और भारत के लिए गौरव का क्षण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट और उत्तर प्रदेश पुलिस की DSP पारुल चौधरी को बधाई दी है।
पारुल चौधरी ने रविवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स की महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने 9 मिनट 8.67 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया, जो उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।
लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में पदक
पारुल चौधरी ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था। 2026 में कांस्य पदक के साथ उन्होंने महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में लगातार दूसरा एशियन गेम्स पदक अपने नाम किया है।
CM योगी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारुल चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतना उत्तर प्रदेश और भारत के लिए शानदार उपलब्धि है। CM योगी ने कहा कि पारुल चौधरी ने एक बार फिर एशियाई मंच पर अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस स्पर्धा में लगातार अपना दूसरा एशियाई खेल पदक हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने इसे उत्तर प्रदेश पुलिस और भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का क्षण बताया।
9:08.67 के समय के साथ जीता कांस्य
महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 9:04.36 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाखस्तान की नोराह जेरुतो तनुई ने 9:06.82 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। पारुल चौधरी 9:08.67 के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। पारुल की इस उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स में भारतीय एथलेटिक्स दल के पदकों में एक और इजाफा हुआ है।


Leave a Reply