90.4 FM पर विशेष रेडियो श्रृंखला का प्रसारण, युवाओं ने ‘हर घर जल, हर घर खुशहाली’ जैसे स्लोगन से की अभिव्यक्ति
नोएडा। जल संरक्षण और हर घर जल कार्यक्रम को लेकर सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो 90.4 FM की ओर से जागरूकता पहल की गई। जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार के सहयोग तथा कम्युनिटी रेडियो एसोसिएशन द्वारा निर्मित विशेष रेडियो श्रृंखला ‘हर घर जल कार्यक्रम और अब तक हुई प्रगति की झलक’ का प्रसारण सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो पर किया गया। इस रेडियो श्रृंखला का उद्देश्य ‘स्वच्छ-सुजल गांव की कहानी, रेडियो की जुबानी’ के माध्यम से हर घर जल मिशन की प्रगति और जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
युवाओं के बीच स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन
इसी श्रृंखला के तहत सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो ने रेडियो सुनो (Radio Listening) कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ विशेष स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में युवाओं ने जल संरक्षण और पानी के महत्व को लेकर कई रचनात्मक स्लोगन प्रस्तुत किए। इनमें ‘हर घर जल, हर घर खुशहाली’, ‘जल है तो कल है’ और ‘बूंद-बूंद से बनता है सुजल गांव’ जैसे स्लोगन शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने अपने स्लोगन के जरिए जल संरक्षण को लेकर अपनी सोच और जागरूकता को अभिव्यक्त किया।

बेहतरीन स्लोगन देने वाले युवाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो 90.4 FM की ओर से सर्वश्रेष्ठ स्लोगन प्रस्तुत करने वाले युवा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों के स्लोगन को रेडियो पर प्रसारित भी किया गया, जिससे जल संरक्षण के संदेश को रेडियो श्रोताओं तक पहुंचाया गया। सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो की यह पहल ‘रेडियो से जागरूकता, स्लोगन से अभिव्यक्ति’ के संदेश को आगे बढ़ाती है। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को जल संरक्षण के मुद्दे से जोड़ने और उनके विचारों को रचनात्मक माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया गया।



Leave a Reply