पनियार की मुख्य सड़क पर एक सप्ताह से कूड़े का ढेर, चन्दौकी में सेंटर का दरवाजा गायब और टीन शेड उखड़ा; BDO ने जल्द सफाई और मरम्मत का दिया आश्वासन
मुंशीगंज (अमेठी)। गांवों को साफ-सुथरा रखने और कचरे के उचित निस्तारण के लिए बनाई गई व्यवस्था पर अमेठी के शाहगढ़ विकासखंड में सवाल उठ रहे हैं। पनियार में मुख्य सड़क पर एक सप्ताह से अधिक समय से कूड़ा जमा होने की शिकायत है, वहीं चन्दौकी गांव में लाखों रुपये की लागत से बना रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) महज दो साल में बदहाल हो गया है। स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था में सुधार और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी की मांग की है।
सड़क पर कूड़े का ढेर, दुर्गंध से लोग परेशान
पनियार उपकेंद्र के पास मुख्य सड़क पर कूड़ा जमा होने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने बताया कि सड़क किनारे जमा गंदगी से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
अंकेश सिंह के मुताबिक, सफाई कर्मियों के नियमित रूप से नहीं पहुंचने के कारण नालियों में कचरा जमा रहता है। इससे दुर्गंध फैलती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है। वहीं, रोहित ने बताया कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने नियमित सफाई और समय पर कूड़ा उठाने की मांग की है।

दो साल में ही बदहाल हुआ RRC सेंटर
चन्दौकी गांव में करीब दो वर्ष पहले बनाया गया RRC सेंटर भी बदहाली का सामना कर रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सेंटर का मुख्य दरवाजा गायब है, टीन शेड उखड़ चुका है और परिसर में ईंट, पत्थर व निर्माण सामग्री का मलबा जमा है। सेंटर तक पहुंचने के लिए रास्ता भी नहीं बनाया गया है।
ग्रामीणों ने सेंटर की देखरेख और कचरा निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि केवल निर्माण करा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सेंटर का नियमित संचालन और रखरखाव भी जरूरी है, ताकि गांवों में कचरे का उचित निस्तारण हो सके।
शाहगढ़ में 36 सेंटर चालू, तीन पर निर्माण जारी
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ विकासखंड में 36 RRC सेंटर चालू हो चुके हैं, जबकि तीन अन्य सेंटरों का निर्माण जारी है। ऐसे में ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी केंद्रों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए और जहां मरम्मत या संचालन संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें समय रहते दूर किया जाए।

BDO ने दिया सफाई और मरम्मत का आश्वासन
खंड विकास अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि दोनों स्थलों की जांच कराई गई है। उन्होंने चन्दौकी के RRC सेंटर की मरम्मत जल्द कराने और पनियार में जमा कूड़े को दो दिन के भीतर हटवाने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी शशांक चौधरी से भी मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनकी मांग है कि पनियार में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और चन्दौकी के RRC सेंटर को दुरुस्त कर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।



Leave a Reply