शराब के नशे में होटल पहुंचे युवकों को कमरा देने से इनकार पर हंगामा; संचालक-स्टाफ से मारपीट और पथराव का आरोप
आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमंदराज स्थित रेड रोज होटल में कमरा नहीं मिलने पर हंगामे का मामला सामने आया है। होटल संचालक का आरोप है कि शराब के नशे में 11 युवक कमरा मांगने पहुंचे थे। उनकी हालत देखकर होटल संचालक आनंद सोनकर ने कमरा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवकों ने होटल में हंगामा शुरू कर दिया।
पीड़ित संचालक के मुताबिक, अंकित यादव उर्फ जोनी, पिंटू यादव, मगानू यादव और उनके साथियों ने होटल संचालक और स्टाफ के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।

कमरा देने से इनकार पर शुरू हुआ विवाद
होटल संचालक आनंद सोनकर की तहरीर के मुताबिक, आरोपी युवक शराब के नशे में होटल पहुंचे और कमरा मांगने लगे। होटल संचालक ने उनकी हालत को देखते हुए कमरा देने से इनकार कर दिया।इसके बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गए और होटल में हंगामा शुरू कर दिया। संचालक का आरोप है कि युवकों ने उनके और होटल स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की।
होटल पर पथराव करने का भी आरोप
आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने होटल में जमकर बवाल किया। जाते समय आरोपियों ने होटल पर पथराव भी किया। होटल संचालक ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद होटल संचालक ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों, मारपीट और पथराव की घटना की जांच कर रही है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के मुताबिक, मामला बदरका चौकी क्षेत्र से संबंधित है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।



Leave a Reply