Bijnor Tabish Nisar Yogi Tattoo: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक अनोखी खबर सामने आई है। यहां के रहने वाले एक मुस्लिम युवक ताबिश निसार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर करते हुए अपने सीने पर सीएम योगी का पक्का टैटू बनवाया है। टैटू के साथ-साथ युवक ने खास स्लोगन भी लिखवाया है, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
बिजनौर. खुद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा फैन बताने वाले बिजनौर निवासी ताबिश निसार इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। ताबिश ने अपने सीने पर पक्के (Permanent) टैटू के रूप में सीएम योगी की तस्वीर बनवाई है।

टैटू के ठीक नीचे उन्होंने ‘Next PM, CM Sahab Maharaj Ji Yogi Ji BJP’ लिखवाया है। ताबिश का कहना है कि उन्होंने यह टैटू किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी खुशी और सीएम योगी के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए बनवाया है।
कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा से प्रभावित
मीडिया से बातचीत करते हुए ताबिश निसार ने बताया कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और राज्य की कानून-व्यवस्था से बेहद प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। राज्य में बेटियां और महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हैं। बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने अपने सीने पर सीएम योगी का टैटू बनवाने का फैसला किया।
ताबिश निसार का यह अंदाज क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि सोशल मीडिया पर भी उनके इस कदम की खूब चर्चा हो रही है।


Leave a Reply