गुरुग्राम में सुबह 8 बजे कार्रवाई, सेक्टर-56 के केंद्रीय विहार से हिरासत में लिए जाने की खबर; जंतर-मंतर पर आज CJP का प्रदर्शन
यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को गुरुग्राम में हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के सहयोग से सेक्टर-56 के केंद्रीय विहार इलाके में यह कार्रवाई की। ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि ध्रुव राठी गुरुग्राम में अपने माता-पिता के पास आए हुए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन प्रस्तावित है।
प्रदर्शन में शामिल होने की अपील के बाद चर्चा में आए ध्रुव राठी
ध्रुव राठी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर CJP के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने को कहा था। इससे पहले गुरुवार को वह बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भी पहुंचे थे।
CJP ने की रिहाई की मांग
ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने पर कॉकरोच जनता पार्टी ने नाराजगी जताई है। संगठन ने प्रेस रिलीज जारी कर कार्रवाई की निंदा की और ध्रुव राठी समेत हिरासत में लिए गए अन्य लोगों की रिहाई की मांग की। CJP ने इस कार्रवाई को सरकार के आक्रामक रवैये का हिस्सा बताया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई गई है और पुलिस जांच के जरिए अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने की व्यवस्था की गई है।
डीसीपी के मुताबिक, विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं। जिले के भीतर भी कई स्थानों पर पुलिस पिकेट और बाहरी पुलिस चौकियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रदर्शन के मद्देनजर करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान निगरानी के लिए बॉडी कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया है। दिल्ली की सीमाओं के साथ रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
फिलहाल ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की वजह स्पष्ट नहीं है। इस कार्रवाई और CJP के प्रदर्शन के बीच घटनाक्रम ने दिल्ली-एनसीआर में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।



Leave a Reply