साहिबाबाद में रामलीला के पुतले तैयार करते समय हादसा, रावण के पुतले में पटाखे भरने के दौरान लगी आग के बाद हुआ विस्फोट
गाजियाबाद लाजपत नगर ब्लास्ट में सोमवार सुबह रामलीला के लिए रावण और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में सोमवार सुबह रामलीला के लिए रावण और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया। शनि चौकी के पास स्थित एक सामुदायिक भवन में रावण के पुतले में दहन के लिए पटाखे भरे जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लगी और इसके बाद पटाखों में ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक घायलों में कुछ नाबालिग भी हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं।
रावण के पुतले में भरे जा रहे थे पटाखे
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। लाजपत नगर में शनि चौकी के पास स्थित सामुदायिक भवन में आगामी दशहरे के लिए रामलीला के पुतले तैयार किए जा रहे थे। यहां रावण और कुंभकर्ण के पुतले बनाए जा रहे थे। इसी दौरान रावण के पुतले में दशहरे पर दहन के लिए पटाखे भरे जा रहे थे। पटाखे भरने की प्रक्रिया के दौरान पहले छोटी आग लगी और इसके बाद अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के बाद वहां काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अनिल सिंह को मिला था पुतले बनाने का ठेका
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के अनुसार, पुलिस को सामुदायिक भवन में ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।शुरुआती जांच में सामने आया कि सामुदायिक भवन में रामलीला के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था। पुतला बनाने का ठेका पिलखुवा निवासी अनिल सिंह को दिया गया था। उनके कारीगर और मजदूर सामुदायिक भवन में पुतले तैयार कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दशहरे के दौरान पुतला दहन के लिए रावण के पुतले में पटाखे भरे जा रहे थे। इसी दौरान आग लगने के बाद विस्फोट हुआ।
पुलिस बोली- पटाखे बनाने या कारोबार का मामला नहीं
एसीपी साहिबाबाद ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में यह मामला पटाखे बनाने या पटाखों के कारोबार से जुड़ा नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक सामुदायिक भवन में पटाखे बनाने का काम नहीं हो रहा था और न ही वहां पटाखों की बिक्री या कारोबार संचालित किया जा रहा था। वहां रामलीला के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था और दहन के लिए उसमें पटाखे भरे जा रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पुतले में पटाखे भरते समय जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं। इसके साथ ही आग लगने की वास्तविक परिस्थितियों का भी पता लगाया जा रहा है।
दो सफदरजंग और तीन GTB अस्पताल भेजे गए
ब्लास्ट के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अंबे अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।पुलिस के मुताबिक घायलों में कुछ नाबालिग हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुतले में पटाखे भरने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और आग किन परिस्थितियों में लगी, इन सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply