गाजियाबाद। गाजियाबाद संभाग में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों द्वारा नियम-कानूनों को ताक पर रखकर की जा रही मनमानी और अवैध संचालन पर संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) प्रमोद कुमार सिंह का चाबुक चल गया है। निजी बस संचालकों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए आरटीओ ने परिवहन निगम के आला अफसरों को तलब कर लिया और ऐसी क्लास लगाई कि प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
आरटीओ प्रमोद कुमार सिंह ने दोटुक शब्दों में साफ कर दिया कि ‘सरकारी बस हो या कोई और, अगर बिना परमिट के निजी संचालकों के रूटों पर गाड़ियां दौड़ाईं या अवैध कब्जे किए, तो कानून का शिकंजा कसने में एक सेकंड की भी देरी नहीं होगी।’
दफ्तर में गूंजी चेतावनी: RTO के 5 बड़े ‘अटैक फ़ॉर्मूले’
आरटीओ कार्यालय में आयोजित इस हाई-वोल्टेज बैठक में गाजियाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन चौधरी, उप यांत्रिक अभियंता लोकेश राजपूत समेत नोएडा, बुलंदशहर और गाजियाबाद के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) पसीना पोंछते नजर आए।

बैठक में RTO प्रमोद कुमार सिंह ने एक के बाद एक कड़े आदेश जारी किए:
1. बिना परमिट बस चलाई तो जब्त होगी गाड़ी: निजी बस स्वामियों के स्वीकृत परमिट मार्गों पर रोडवेज बसों के अवैध संचालन पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। आरटीओ ने साफ किया कि बिना वैध परमिट रूट पर उतरने वाली बसों पर सीधी जब्ती की कार्रवाई होगी।
2. निजी स्टैंडों पर गुंडागर्दी बंद: रोडवेज बसों द्वारा निजी संचालकों के स्टैंडों और स्टॉपेज पर अवैध रूप से कब्जा जमाने की परिपाटी पर सख्त एतराज जताया गया। आदेश दिया गया कि रोडवेज बसें केवल अपने अधिकृत डिपो व स्टैंड से ही चलेंगी।
3. ड्राइवर–कंडक्टर का चरित्र सत्यापन मस्ट: यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। आरटीओ ने परिवहन निगम को निर्देश दिया कि अपनी बसों में तैनात सभी चालकों और परिचालकों का पुलिस चरित्र सत्यापन (Police Verification) तत्काल पूरा कराया जाए।
4. सड़क पर मनमाना ठहराव बंद, जाम लगाया तो खैर नहीं: बीच रास्ते में कहीं भी बसें रोककर सवारियां भरने और निजी बसों का रास्ता ब्लॉक करने वाली रोडवेज बसों के खिलाफ प्रवर्तन टीमों को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
5. मुख्यमंत्री ग्रामीण सेवा में नहीं चलेगी ढिलाई: ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को राहत देने वाली ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सेवा’ के चिह्नित रूटों पर नियमानुसार, पारदर्शी और सुगम बस संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

BACKFOOT पर आया निगम प्रशासन, RTO के आगे झुके अफसर
RTO प्रमोद कुमार सिंह के तीखे तेवरों, सटीक तथ्यों और कड़े रुख के आगे परिवहन निगम के अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था। बैठक के दौरान निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक समेत तमाम अधिकारियों को बैकफुट पर आना पड़ा।
निगम अधिकारियों ने आरटीओ के समक्ष हाथ जोड़कर आश्वासन दिया कि सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन होगा। अब न तो किसी निजी संचालक के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप होगा और न ही उनके स्टैंडों पर कब्जा किया जाएगा।
निजी बस संचालकों में जश्न का माहौल
आरटीओ प्रमोद कुमार सिंह के इस दबंग एक्शन और निष्पक्ष न्यायप्रणाली से गाजियाबाद संभाग के सैकड़ों निजी बस संचालकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। संचालकों का कहना है कि बरसों बाद किसी अधिकारी ने कानून का राज कायम करते हुए सरकारी बसों की तानाशाही पर अंकुश लगाया है।


Leave a Reply