बलरामपुर में बनाए गए 10 मतदान बूथ, 982 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल; सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
बलरामपुर। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान की तैयारियां पूरी करते हुए गुरुवार को पोलिंग पार्टियों को बलरामपुर कलेक्ट्रेट से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस सुरक्षा के साथ मतदान कार्मिकों को रवाना किया गया।
बलरामपुर में बनाए गए 10 मतदान बूथ
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनपद में मतदान के लिए कुल 10 बूथ बनाए गए हैं। इनमें नगर क्षेत्र के एमपीपी इंटर कॉलेज में दो बूथ और तुलसीपुर स्थित स्वतंत्र इंटर कॉलेज में एक बूथ स्थापित किया गया है। शेष सात मतदान बूथ विकासखंड सभागारों में बनाए गए हैं।
982 मतदाता करेंगे मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस शिक्षक निर्वाचन में बलरामपुर जिले के कुल 982 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 839 पुरुष और 143 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान मतपत्र और मतपेटिका के माध्यम से कराया जाएगा। निर्वाचन कार्य में तैनात सभी मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण पूरा करा लिया गया है।
मतदान के बाद मतपेटिकाएं गोरखपुर भेजी जाएंगी
जिलाधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टियां रात में अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर रुकेंगी। मतदान संपन्न होने के बाद वे मतपेटिकाओं के साथ कलेक्ट्रेट लौटेंगी। इसके बाद मतपेटिकाओं को गोरखपुर भेजा जाएगा। मतपेटिकाएं जमा कराने के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी के साथ ही जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।



Leave a Reply