Delhi Keshavpuram Matchstick Murder Case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के केशवपुरम इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिर्फ सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगने और मना करने पर हुआ मामूली विवाद खूनी खेल में बदल गया। बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
नई दिल्ली. दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र में 15 सितंबर को वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। DSIIDC वाइन शॉप के सामने फुटपाथ पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ मिला। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि वारदात में घायल दो युवकों को तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भवानी (30) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे पीड़ित आशा राम (32) का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

माचिस देने से इनकार पर भड़का गुस्सा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि भवानी और आशा राम फुटपाथ के पास खड़े थे। तभी कुछ लड़के उनके पास पहुंचे और सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगने लगे। जब दोनों युवकों ने माचिस देने से मना कर दिया, तो उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने दोनों पर मुक्कों और चाकू से हमला कर दिया।
मुख्य आरोपी के पास से खून से सना चाकू बरामद
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी नरेश बहादुर उर्फ नेपाली ने चाकू से भवानी और आशा राम पर ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर चोट लगने की वजह से भवानी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय इनपुट और तकनीकी सर्विलांस की मदद से छापेमारी कर मुख्य आरोपी नरेश बहादुर उर्फ नेपाली और उसके साथी तरुण को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू बरामद कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Leave a Reply