वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। धर्म, संस्कृति और अध्यात्म की नगरी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से सांसद हिमांग जोशी के आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया।
भाजयुमो के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बनारस पहुंचे हिमांग जोशी के स्वागत में युवा कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। युवा नेता शक्ति सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के साथ हिमांग जोशी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
काशी से पूरे देश में जाएगा युवा शक्ति का संदेश: शक्ति सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए शक्ति सिंह ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन धारा पर भाजयुमो के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करना पूरे काशी के युवा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र की इस पवित्र धरती से राष्ट्र निर्माण के लिए युवा शक्ति को एक नई ऊर्जा और दिशा देने का संदेश पूरे देश में फैलेगा। हिमांग जोशी जी के नेतृत्व में युवा मोर्चा देश के करोड़ों युवाओं की आकांक्षाओं, उनके सपनों और उनकी आवाज को और मजबूती से बुलंद करेगा। आज का भारत विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है और इस यात्रा में देश की युवा शक्ति सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

संगठन के प्रति नई ऊर्जा और समर्पण का प्रदर्शन
शक्ति सिंह ने आगे कहा कि यह आयोजन केवल एक स्वागत कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह बनारस की युवा ऊर्जा, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और नए संकल्पों का एक सशक्त प्रदर्शन है।
वडोदरा (गुजरात) से सांसद हिमांग जोशी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देश भर के युवाओं में एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है। काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से युवाओं का यह संकल्पित कदम आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक धार देगा।
क्या काशी से शुरू हुई यह युवा लहर 2027 के चुनावी समर में भाजपा का सबसे बड़ा आधार बनेगी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से हिमांग जोशी के कार्यकाल का यह आगाज संगठनात्मक दृष्टिकोण से काफी मायने रखता है। शक्ति सिंह के नेतृत्व में हुए इस भव्य शक्ति प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा की युवा इकाई पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश में युवाओं को साधने के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है। अब देखना यह होगा कि वडोदरा सांसद के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले हिमांग जोशी देश भर के युवाओं को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने में कितने सफल साबित होते हैं।


Leave a Reply